कुनकुरी में बौराया ‘लोनर हाथी’: तोड़ी अस्पताल की दीवार, चर्च परिसर में करता रहा चहलकदमी
हितवाद टाइम्स जशपुरनगर। जंगल से निकल कर एक लोनर हाथी (दल से अलग हुआ नर हाथी) भटकते हुए रविवार की सुबह कुनकुरी शहर में आ गया। हाथी कुनकुरी के महागिरजा घर और हाली क्रास अस्पताल परिसर के अंदर घुस आया। दंतैल ने अस्पताल के बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। महागिरजा घर और अस्पताल कटनी- गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग में कुनकुरी से जशपुर की ओर जाने वाली सड़क में ही स्थित है। दिन में इस तरह हाथी को नगर के बीच में चहल कदमी करते हुए देख कर अफरा तफरी मच गई। हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
चर्च और अस्पताल परिसर में चहल कदमी करते हुए हाथी का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद वनविभाग ने विडियो बनाने के लिए हाथी के नजदीक ना जाने की अपील की है। विभाग का दावा है कि लोनर की हलचल पर नजर रखी जा रही है।