साइबर ठगो के निशाने पर छत्तीसगढ़ के नेता मंत्री, लक्ष्मी राजवाड़े और उनके PA का वॉट्सऐप अकाउंट हैक, लोगों से मांगे जा रहे पैसे

हितवाद टाइम्स रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है। ठग उनके नाम से लोगों को मैसेज भेजकर 32 हजार रुपए मांग रहे हैं। वहीं, उनके PA ओमप्रकाश राजवाड़े का भी वॉट्सऐप हैक कर 52 हजार रुपए की मांग की जा रही है। दोनों मामलों में ठग UPI ब्लॉक होने की बात कही गई है।
मंत्री राजवाड़े ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है।मंगलवार को महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को उनके परिचित ने कॉल कर बताया कि उनके नाम से मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। कुछ देर बाद उनके PA ओमप्रकाश राजवाड़े को भी कॉल आया।
जानकारी के अनुसार, वॉट्सऐप पर मदद के नाम पर 32 हजार और 52 हजार रुपए की मांग की गई। दूसरे मैसेज में UPI ब्लॉक होने का हवाला देकर ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा गया।
पैसे न भेजने की अपील
वॉट्सऐप अकाउंट हैक होने की जानकारी मिलने के बाद लक्ष्मी राजवाड़े ने बयान जारी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी बार कोड को स्कैन कर पैसे न भेजें। इसके अलावा मामले की जानकारी साइबर थाना पुलिस को दे दी गई है।
फिलहाल, साइबर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।बता दें कि इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। कांग्रेस की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर ठगों ने उनके परिचितों से पैसों की डिमांड की थी।इसके अलावा पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह और छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज का भी वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो चुका है।