खमतराई में अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू, 40 हजार वाहनों को मिलेगी जाम से मुक्ति
हितवाद टाइम्स रायपुर। खमतराई रेलवे फाटक पर जाम से परेशान होने वाले 40 हजार से अधिक वाहन चालकों को डेढ़ वर्ष बाद राहत मिल सकती है। यहां अंडरब्रिज निर्माण के लिए रेलवे ने जुलाई में ठेका एजेंसी नियुक्त कर दी थी। एजेंसी ने मौके पर मार्किंग, साफ-सफाई और पेड़ों की कटाई शुरू कर दी है। इस कार्य को 18 महीने में पूरा करना होगा।
करीब 16 करोड़ की लागत से होगा तैयार।
अंडरब्रिज की निर्माण लागत करीब 15 करोड़ 48 लाख 15 हजार रुपये है। इस कार्य के लिए एसवीएस कंस्ट्रक्शन लखनऊ को टेंडर मिला है। सात जुलाई को लेटर का एक्सेप्टेंस जारी किया गया है।खमतराई रोड एलसी-417 ट्वीन बाक्स के आधार पर रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया जाना है। अंडरब्रिज की कुल लंबाई करीब 180 मीटर रहेगी। वहीं पुल लगभग 42 मीटर लंबा और 11.5 मीटर चौड़ा रहेगा। पुल के अतिरिक्त हिस्से को शेड से ढका जाएगा।