सेवा संकल्प अभियान के तहत मितानिन दीदियों का, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया सम्मान

हितवाद टाइम्स कोरबा – 14 अक्टूबर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्यक कर(आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के सीएसईबी स्थित निवास पर मितानिन दीदियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा विपरीत परिस्थितियों में भी समर्पण और सेवाभाव से कार्य करने वाली मितानिन दीदियों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि आज कोरबा विधानसभा क्षेत्र की मितानिन दीदियों का सम्मान करते हुए उनके सेवाभाव और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है। मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जरूरत और कठिनाई के समय लोगों की सहायता कर वे सही मायनों में मानव सेवा का कार्य करती हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।मंत्री देवांगन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में एक रुपये प्रति किलो चावल वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। वर्तमान में मुख्यमंत्री श् विष्णु देव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं श्री रामलला दर्शन योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह समारोह मितानिन दीदियों की मेहनत, संघर्ष और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में मितानिन कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद से दीदियां निरंतर निष्ठा और लगन के साथ जनसेवा में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में कोरबा शहर में विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। बुधवारी क्षेत्र के छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित व्यवसाय के लिए आनंद बाजार में स्थान उपलब्ध कराया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं नरेंद्र देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सुनीता प्रजापति, सरिता कहरा, सरस्वती सारथी, उमा पटेल, भूरी बाई महंत, दिव्या राठौर, मीना श्रीवास, मोतिमणि सोनी, निर्मला बाई साहू, शारदा बाई साहू, कमला चौकसे, तुलेश्वरी यादव, गणेशी साहू एवं गौरी बाई विश्वकर्मा सहित कुल 350 मितानिन दीदियों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।