कोरबा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकी में 25 अगस्त को साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और मोबाइल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
मुख्य वक्ता के रूप में साइबर थाना कोरबा के उप निरीक्षक अजय सोनवानी ने वर्तमान समय में मोबाइल एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाली विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, बैंकिंग फ्रॉड सहित ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से सावधान रहने की समझाइश दी।

वहीं टेक्निकल एक्सपर्ट श्री विश्वेश्वर सिंह ने मोबाइल में उपलब्ध विभिन्न सुरक्षा तकनीकों की जानकारी देते हुए साइबर अपराध से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
संचालन व्याख्याता एस.आर. यादव ने किया। संस्था की प्राचार्य श्रीमती शकुंतला सारथी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।






