बच्चों को स्कूल लेने पहुंची क्रेटा कार में लगी आग, दमकल पहुंचने तक जलकर हुई खाक…
हितवाद टाइम्स बिलासपुर। जिले के रेलवे क्षेत्र में डीआरएम कार्यालय के पास लिटिल वाणी स्कूल के सामने सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को स्कूल से लेने पहुंचे मनीष गोयल की क्रेटा कार में अचानक आग लग गई। जानकारी के मुताबिक, मनीष गोयल अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे थे, तभी कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया और आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल के सामने खड़ी कार में आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी और देखते ही देखते जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, स्कूल के सामने इस तरह अचानक कार में आग लगने से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल कार में आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।