भारत का जलवा, हॉकी में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में पहुंचा
हितवाद टाइम्स। ASIAN GAMES 2026 : एशियन गेम्स में भारत के लिए 12वें दिन की शुरुआत भले ही निराशाजनक रही, लेकिन दिन आगे बढ़ने के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। हॉकी और क्रिकेट में पाकिस्तान को लेकर भारत के लिए मुकाबले खास रहे। हॉकी में भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर गोल्ड मेडल के फाइनल में जगह बना ली। वहीं क्रिकेट में भी भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया।
हॉकी में पाकिस्तान पर रोमांचक जीत
हॉकी के सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और एक समय 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भारत की ओर से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 5वें और 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद सुखजीत सिंह ने 24वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। तीन गोल से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान ने मैच में जोरदार वापसी की। अबू महमूद ने 30वें मिनट में गोल किया। इसके बाद हन्नान शाहिद ने 45वें और वहीद राणा ने 49वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था और ऐसा लग रहा था कि मैच का फैसला अतिरिक्त समय में हो सकता है। लेकिन मैच खत्म होने से ठीक पहले अभिषेक ने फील्ड प्ले से शानदार गोल दाग दिया। अभिषेक के इस निर्णायक गोल ने भारत को 4-3 की बढ़त दिलाई, जिसे भारतीय टीम ने आखिरी सीटी तक बरकरार रखा। इस जीत के साथ गत चैंपियन भारत ने गोल्ड मेडल के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
अब भारतीय टीम की नजर गोल्ड मेडल पर है और फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर खिताब बरकरार रखने की कोशिश करेगी।