छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से जंगल सफारी शुरू
बाघों को करीब से देख सकेंगे पर्यटक
हितवाद टाइम्स बिलासपुर: वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने के इच्छुक पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अचानकमार टाइगर रिजर्व में आगामी एक नवंबर से जंगल सफारी शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही पर्यटक एक बार फिर घने जंगल, प्राकृतिक खूबसूरती और वन्यजीवों की रोमांचक दुनिया को करीब से देखने का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटकों की सुविधा के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सफारी वाहनों, अग्रिम बुकिंग और ठहरने की व्यवस्था की है। यहां जिप्सी के अलावा ‘महारानी’ और ‘योद्धा’ नामक वाहनों से जंगल की सैर करने का अवसर मिलेगा।
अचानकमार घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए शिवतराई स्थित बैगा रिसार्ट में ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध है। यहां 14 सामान्य और चार प्रीमियम कमरे हैं। जंगल सफारी के साथ रिसार्ट में ठहरकर पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का अनुभव ले सकते हैं। प्रबंधन ने सफारी, रिसार्ट और पर्यटन संबंधी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट भी जारी की है।