
कोरबा। उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए बहुचर्चित ‘नीले ड्रम कांड’ की खौफनाक यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा में ठीक वैसी ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मेरठ में जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर लाश छिपा दी थी, वहीं कोरबा में एक सनकी प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।करीब एक महीने तक आरोपी पुलिस और परिजनों की आंखों में धूल झोंकता रहा, लेकिन रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार पर बहन के घर न पहुंचने पर उपजे संदेह ने इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
शराब के नशे में बेरहमी से की मारपीट
सनसनीखेज मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज उरांव के साथ 33 वर्षीय संतोषी बीते दो सालों से पत्नी की तरह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मनोज अत्यधिक शराब पीने का आदी था और बात-बात पर हिंसक हो जाता था।27 अगस्त को मनोज शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा और किसी बात पर संतोषी से विवाद करने लगा। बात इतनी बढ़ी कि उसने संतोषी की बुरी तरह पिटाई कर दी। उस वक्त पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन सनकी मनोज का गुस्सा शांत नहीं हुआ। देर शाम उसने दोबारा संतोषी पर हमला किया और इतनी बेरहमी से पीटा कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बाड़ी के सेप्टिक टैंक में डाला शव, ऊपर से बंद कर दिया ढक्कन
हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से मनोज ने साक्ष्य मिटाने की साजिश रची। उसने संतोषी के शव को घसीटकर घर के पीछे बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक के अंदर डाल दिया और ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया, ताकि किसी को बदबू या अनहोनी का शक न हो।
रक्षाबंधन पर भाई करते रहे इंतजार, आरोपी बोलता रहा झूठ
अगले दिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार था। जब संतोषी अपने भाइयों को राखी बांधने घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने मनोज को फोन कर पूछताछ की। आरोपी ने बेहद शातिराना अंदाज में झूठ बोलते हुए कहा कि संतोषी तो एक दिन पहले ही कहीं चली गई है।शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब हफ्तों बीत जाने के बाद भी संतोषी का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों का संदेह गहरा गया। उन्होंने पुलिस की शरण ली और जब कड़ाई से जांच शुरू हुई, तो मनोज के घर के सेप्टिक टैंक से संतोषी का सड़ चुका शव बरामद हुआ।
आरोपी मनोज फरार, पुलिस की कई टीमें दे रहीं दबिश
घटना का खुलासा होते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी मनोज उरांव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए श्यांग थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।






