
झीरम घाटी मामले में NIA कोर्ट के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आगे की रणनीति तय करने के लिए शनिवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में बैठक की। बैठक में पार्टी नेताओं के साथ पीड़ित परिवारों से भी चर्चा की गई। कांग्रेस ने कहा है कि वह मामले को आगे भी उठाएगी और कानूनी स्तर पर लड़ाई जारी रखेगी।
जगदलपुर स्थित विशेष NIA अदालत ने 16 सितंबर को 2013 के झीरम घाटी हमले के मामले में 10 दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। यह हमला 25 मई 2013 को हुआ था, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी।
कांग्रेस ने तय किए तीन कदम
बैठक के बाद PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस फैसले को अंतिम पड़ाव नहीं मान रही है। उनके मुताबिक पीड़ित परिवारों से चर्चा के दौरान उनकी पीड़ा सामने आई और पार्टी ने मामले को आगे उठाने के लिए तीन स्तरों पर कार्रवाई का फैसला किया है।कांग्रेस के अनुसार पहला कदम पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर फैसले और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।
दूसरे चरण में दिल्ली में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की बात कही गई है। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ झीरम पीड़ित परिवारों के सदस्यों को भी शामिल किए जाने की बात कही गई है। तीसरे चरण में कांग्रेस ने मामले को लेकर न्यायिक लड़ाई आगे जारी रखने का निर्णय लिया है।






