
कोरबा। साइबर जागृति अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 3500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले के निर्देशन में कोतवाली, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, कटघोरा एवं पसान थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में कार्यक्रम हुए।
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को UPI, बैंक फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर ठगी के तरीकों से अवगत कराया। OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक, कॉल, APK फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
कोरबा पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने में मदद मिल सकती है।






