
गेवरा-दीपका
एसईसीएल दीपका खदान क्षेत्र में ड्यूटी जाने वाले मार्ग पर फैली कोयले की कीचड़ और फिसलन से कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। बुधवार दोपहर ड्यूटी जाते समय दीपका श्रमिक चौक से बेल्ट लाइन मार्ग पर भारी फिसलन के कारण डम्पर ऑपरेटर अमित सिंह और डम्पर ऑपरेटर संतोष गिरकर चोटिल हो गए।
कर्मचारियों के अनुसार मार्ग पर कोयला मिट्टी और पानी जमा होने से सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में कोयला कर्मी अपने कार्यस्थल पर ड्यूटी के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में लगातार फिसलन के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है।

कोल कर्मियों ने एसईसीएल दीपका प्रबंधन से मांग की है कि कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर तत्काल स्क्रैपर मशीन चलाकर कीचड़ और जमा सामग्री को साफ कराया जाए तथा रास्ते को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते मार्ग दुरुस्त होने से भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा और सभी कर्मचारी सुरक्षित रूप से अपने कार्यस्थल तक पहुंच सकेंगे।






