‘अर्नब’ तूफान से बांधों का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने नदी-नालों से दूर रहने की दी सख्त हिदायत

हितवाद टाइम्स धमतरी – 27 अक्टूबर 2026 चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से आगामी दिनों में क्षेत्र में भारी वर्षा, तेज हवाएं तथा गरज-चमक के साथ मौसम प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जलाशयों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।संभावित भारी वर्षा, ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र (कैचमेंट एरिया) से पानी की आवक बढ़ने तथा जलस्तर में वृद्धि होने की स्थिति में रविशंकर सागर बांध (गंगरेल) से किसी भी समय अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जा सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
सुबह 7 बजे की स्थिति में जलाशयों का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविशंकर सागर बांध (गंगरेल) का वर्तमान जलस्तर 345.03 मीटर है, जबकि पूर्ण जलाशय स्तर (FRL) 348.70 मीटर निर्धारित है। यहां पानी की वर्तमान आवक 5,904 क्यूसेक तथा जीवित जलभराव क्षमता का उपयोग 59.53 प्रतिशत है।इसी प्रकार, दुधावा बांध का वर्तमान जलस्तर 424.03 मीटर है, जबकि पूर्ण जलाशय स्तर 425.12 मीटर है। यहां पानी की आवक 209 क्यूसेक तथा जलभराव क्षमता 84.21 प्रतिशत दर्ज की गई है। मुरूमसिल्ली बांध की जीवित जलभराव क्षमता 90.72 प्रतिशत है। सौंदूर बांध का वर्तमान जलस्तर 469.71 मीटर है, जबकि पूर्ण जलाशय स्तर 471.065 मीटर है। यहां पानी की आवक 20 क्यूसेक और जलभराव क्षमता 82.73 प्रतिशत है।