छठ पूजा का पहला अरग आज शाम को, जिले के घाटों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु और दर्शनार्थी

इस पर्व के लिए लाखों की खरीदारी हुई बाजार में
हितवाद टाइम्स कोरबा – 15 नवम्बर । ऊर्जा के अजस्र स्रोत सूर्य उपासना को समर्पित छठ पर्व के लिए कोरबा नगर से लेकर उपनगर क्षेत्र और अंचल में गजब का माहौल बना हुआ है। पर्व की उपयोगी सामग्री को लेकर बाजार में सुबह से चहल-पहल रही। भारी खरीदारी से विक्रेता खुश नजर आए। अनुमान है कि छठ पर्व पर कोरबा जिले में संबंधित सामग्री का कारोबार 50 लाख को पार कर सकता है।
कोरबा के बुधवारी बाजार, इतवारी बाजार, निहारिका, बालको नगर रामलीला मैदान, परसा भाटा, कुसमुंडा सोमवारी बाजार, बाँकीमोंगरा, कटघोरा, राजगामार, दीपका, दर्री जमनिपाली, रूमगरा इलाके में छठ पूजा की सामग्री का मार्केट आज ख़ास रहा। कोसी भरने के लिए गन्ना, हल्दी, नारियल, अंन्नास, अदरक, पानीफल, बड़ा नींबू, अमरुद, केला, समेत अन्य फल, फूल की जबरदस्त बिकवाली हुई। यह सभी सामग्री नागपुर, अंबिकापुर, जशपुर सहित आसपास के क्षेत्र से कोरबा के बाजार में पहुंची थी। फेस्टिवल सीजन और अवसर में पर्याप्त संभावनाओं को देखते हुए बिक्री करने वालों ने अपने हिसाब से इसकी कीमत तय की और उपयोग करने वालों ने अपनी क्रय शक्ति का प्रदर्शन किया।

आज शाम कोरबा नगर सहित जिले के 70 से ज्यादा छठ घाट पर व्रती और उनके परिजन असताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। अनुमान है कि जिले के सभी घाटों पर इस मौके पर 3 लाख से ज्यादा की भीड़ रहेगी। नगर पालिका निगम कोरबा, नगर पालिका परिषद दीपिका, नगर पालिका परिषद बाकी मोगरा, नगर पालिका परिषद कटघोरा और राजगामार पंचायत सहित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन और भारत अल्युमिनियम कंपनी के द्वारा घाटों पर आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई गई है।
छठ के मुख्य पर्व से एक दिन पहले खरना की परंपरा पुरी की गई। इस दौरान उपासकों के घरों में खीर का प्रसाद तैयार किया गया जिसे प्राप्त करने के लिए मध्य रात्रि तक लोग पहुंचे।