कनबेरी के श्री अग्रसेन गोधाम में ,गोपाष्टमी पर पूजा अर्चना के साथ होंगे विशिष्ट कार्यक्रम

सर्व समाज के सहयोग से 800 गोवंश का हो रहा संरक्षण
हितवाद टाइम्स, कोरबा 15 नवम्बर। गोवंश के योगदान को समर्पित गोपाष्टमी पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी 17 नवंबर को मनाया जाएगा। अग्रसेन गोधाम कनबेरी में इस खास अवसर पर विशिष्ट कार्यक्रम होगा। 800 गौवंश की पूजा अर्चना के साथ मानव समाज और संस्कृति के प्रति उनके योगदान का स्मरण इस मौके पर होगा।
गोपाष्टमी पर होने वाले आयोजन को लेकर समिति ने रविवार को कोरबा में मीडिया से बातचीत की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, अग्रसेन गौशाला कनबेरी के पदाधिकारी जयंत अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल पिंटू, सुनील जैन टोनी , देवाशीष केडिया , मनोज अग्रवाल और राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों से इस गांव धाम का संचालन सर्व समाज के सहयोग से हो रहा है। हमारी समिति इसे ईश्वरीय कार्य मानकर केवल माध्यम बनी हुई है। बताया गया कि यहां वहां से दान में मिले और दुर्घटना में घायल गोवंश को हमने यहां पर रखने के साथ उनका संरक्षण जारी रखा है।
बताया गया कि एक गोवंश के लिए सरकार के प्रावधान के अंतर्गत प्रतिदिन के हिसाब से ₹25 का अनुदान प्राप्त होता है। पैरामीटर के दायरे में 250 गौवंश के लिए अनुदान दिया जाना प्रावधानित है। क्योंकि हमारे यहां संख्या 3 गुना के आसपास है और फिर भी हम विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले गोवंश को वापस नहीं कर सकते। इसलिए उनके संरक्षण की जिम्मेदारी हमारी है। इतनी बड़ी संख्या का संरक्षण निश्चित तौर पर एक चुनौती है लेकिन सर्व समाज का सहयोग हमें इस विषय पर प्राप्त हो रहा है और इसके जरिए गौशाला का संचालन ठीक तरह से किया जाना संभव हो रहा है।
संचालन समिति की ओर से बताया गया कि वर्तमान में गोवंश की संख्या को देखते हुए कुछ समय पहले अतिरिक्त निर्माण के लिए हमें मंजूरी मिली और सहयोग प्राप्त हुआ। सरकार के पैरामीटर के हिसाब से एक ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक ही गौशाला का संचालन हो सकता है और इस वजह से हमारे सामने कुछ मुश्किल है। हमने सरकार का ध्यान इस तरफ आकर्षित किया है कि गौवंश की संख्या ज्यादा है और उनका संरक्षण भी आवश्यक है, इसलिए हमारी ही एक गौशाला के साथ एफिलिएटिड कर दिया जाए। हालांकि यह काम अभी भी लंबित है। इसके लिए सरकार के स्तर पर अप्रोच की गई है। मुख्यमंत्री के साथ-साथ पशुपालन मंत्री और गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष को अवगत कराया गया है ताकि हमारे कामकाज कुछ सरलीकृत हो सके। बताया गया कि गोपाष्टमी पर होने वाले आयोजन में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। उनके समक्ष हम पांच मांगे रखेंगे ताकि इस दिशा में कुछ सहयोग हो सके।
गोधाम संचालन समिति की ओर से बताया गया कि संबंधित स्थल पर एक भव्य मंदिर का निर्माण भी जारी है। आम लोगों के दर्शन पूजन और अन्य आयोजन के लिए लोग यहां पहुंच सकते हैं। आयोजन समिति ने गोपाष्टमी के कार्यक्रम में पूजा दर्शन और भंडारा सहित यहां की व्यवस्थाओं को देखने के लिए लोगों को आमंत्रित किया है।