छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 360 नए धान खरीदी केंद्र, 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी, दो लाख किसानों को फायदा

हितवाद टाइम्स रायपुर l 31 अक्टूबर 2026 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में शुक्रवार को राज्य के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये अंतरित किए गए। वहीं, प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों के बीच राज्य सरकार ने 360 नए उपार्जन केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में ये जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल बनी है।