बचत की आदत ही,सुरक्षित भविष्य की नींव है।

हितवाद टाइम्स कोरबा। विश्व मितव्ययिता दिवस के अवसर पर अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने नागरिकों से आय के अनुरूप खर्च करने तथा नियमित बचत को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है।उन्होंने कहा कि विश्व बचत दिवस भारत में 30 अक्टूबर तथा दुनिया के अधिकांश देशों में 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य लोगों में बचत के प्रति जागरूकता पैदा करना और आर्थिक रूप से सुरक्षित भविष्य के लिए मितव्ययिता को प्रोत्साहित करना है।
धनेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान उपभोक्तावादी दौर में अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना और छोटी-छोटी बचत करना बेहद जरूरी है। बचत केवल भविष्य के लिए धन एकत्र करना नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक जरूरतों के समय आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि मितव्ययिता का अर्थ कंजूसी नहीं, बल्कि जरूरत और इच्छा के बीच अंतर समझकर धन का विवेकपूर्ण उपयोग करना है। युवाओं को विशेष रूप से कम उम्र से ही बजट बनाने, खर्चों का प्रबंधन करने और नियमित बचत की आदत विकसित करनी चाहिए। आज की छोटी बचत ही कल की बड़ी आर्थिक सुरक्षा बन सकती है। यदि प्रत्येक परिवार अपनी आय का कुछ हिस्सा नियमित रूप से बचाए और अनावश्यक खर्चों से बचे, तो इससे परिवार की आर्थिक मजबूती के साथ समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।