दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवम्बर को ग्राम बांका में होगा भव्य आयोजन

घर-घर संपर्क कर भगवान बिरसा मुंडा के कैलेंडर वितरण के साथ ,ग्राम बांका में आने के लिए दिया जा रहा आमंत्रण
हितवाद टाइम्स चित्रकूट-मझगवां/ जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा 15 नवंबर तक चलाएं जा रहे ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ के अन्तर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को समर्पित है।
इसके अन्तर्गत बड़ा और वृहद आयोजन 15 नबम्बर को सतना जिले के मझगवां जनपद के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में सम्पन्न होगा, जहाँ भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम एवं मानस पाठ सहित विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन होगा, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग एवं जनप्रतिनिधियों सहित क्षेत्रीय गणमान्यजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मंचीय कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक आयोजन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के व्यवस्थित संचालन हेतु कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां में वृहद व्यवस्था बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, सह संगठन सचिव श्री अनिल अग्रवाल, खंड कार्यवाह विज्ञान चंद्र विश्वकर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता चूणामणि सिंह, डीआरआई के महाप्रबंधक डॉ अनिल जायसवाल, केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रभारी डॉ नवीन शर्मा एवं मझगवां जनपद के गणमान्यजनों सहित कृषि विज्ञान केंद्र व दीनदयाल शोध संस्थान के सहयोगी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव श्री अभय महाजन ने कहा कि यह कार्यक्रम सामूहिक प्रयत्न का परिणाम है सभी इसमें सहभागी बन रहे हैं। जनजातीय क्षेत्र में बेहतरी का वातावरण बनें। वे सभी समाज की मुख्य धारा से जुड़ें, सभी उनके प्रति सभी श्रद्धा का भाव रखें। जनता की सहभागिता एवं उनके सहयोग से ही इस कार्यक्रम को स्थायी व अविस्मरणीय बनाया जा सकता है।
आयोजन को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा ग्रामीण केन्द्रों पर लोगों से बातचीत और बैठकों का सिलसिला निरंतर जारी है। इसके अलावा कृष्णा देवी बनवासी बालिका आवासीय विद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यकर्ताओं की पूरी टीम द्वारा प्रत्येक घर में संपर्क कर कैलेंडर एवं भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन चरित्र की पुस्तिका का वितरण के साथ ग्राम बांका में आने के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है।