लोक आस्था का महापर्व छठ आज नहाय-खाय से शुरू, जानें पूजा विधि – विधान और महत्व

हितवाद टाइम्स कोरबा – आज नहाए खाए के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हुई। चार दिनों तक चलने वाला यह पवित्र त्यौहार खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत कई उत्तरी हिस्सों के लोग बड़े ही श्रद्धा भाव से मना रहे हैं. हर साल यह त्योहार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि से शुरू होता है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाता है. मान्यता है कि छठ पर्व के दौरान छठी मैया और सूर्य देव का आराधना करने से संतान की प्राप्ति होती है और साथ ही जीवन के सभी कष्ट और दुख दूर होते हैं. आइए जानते हैं नहाय-खाय की पूजन विधि के बारे में.
13 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगा छठ महापर्व
छठ महापर्व का त्योहार चार दिनों तक चलता है. आज 13 नवंबर को छठ का पहला दिन है और यह 16 नवंबर तक चलेगा. इस दौरान सूर्य देव की पूजा अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक महीने में सूर्य देव की बड़े ही श्रद्धा भाव से पूजा और उनकी उपासना करने से सुख की प्राप्ति होती है और संतान से जुड़ी हुई समस्याएं दूर होती हैं.
नहाय-खाय से हुई छठ की शुरुआत
आज छठ त्योहार का पहला दिन है और इसकी शुरुआत नहाय-खाय से हो चुकी है.आज ही के दिन व्रती स्नान करने के बाद छठ पर्व की शुरुआत करते हैं.सबसे पहले सूरज के उगने से पहले व्रती को उठना पड़ता है.इसके बाद सुबह-सुबह नदी, तालाब या घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करते हैं.फिर घरों की अच्छे से साफ-सफाई कर सादा और सात्विक भोजन करते हैं.
मान्यताओं के अनुसार, नहाय-खाय के दिन व्रती चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी बनाकर खाते हैं.छठ पर्व के पहले दिन इन सब्जियों का सेवन करना बहुत शुभ और फलदायी माना जाता है.नहाय-खाय के अगले दिन खरना होता है, जिसमें पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है.