CJP Delhi Protest: पुलिस ने प्रदर्शन की मंजूरी नहीं दी, मेट्रो के 57 स्टेशन रहेंगे बंद; कई ट्रेनें रद्द, दीपके ने कहा- आंदोलन तो होगा
हितवाद टाइम्स दिल्ली -Cockroach Janata Party Protest: में 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को पुलिस ने मंजूरी नहीं दी है। जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की सूचना दी थी। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन से 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है, लेकिन CJP ने 7 अक्टूबर को ही इसकी सूचना दी थी।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को बंद रखने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। ये ट्रेनें सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभावित रहेंगी।इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शन से डर गई है। उन्होंने कहा कि राजधानी में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, जिससे ऐसा लग रहा है कि सरकार ने खुद ही बंद का आह्वान कर दिया है।
CJP के प्रदर्शन को पुलिस ने मंजूरी क्यों नहीं दी?
जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर सौरव दास की ओर से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के संबंध में आवेदन मिला था। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही को लेकर प्रस्तावित था।पुलिस के अनुसार, आवेदन बहुत कम समय पहले दिया गया। तय दिशा-निर्देशों के मुताबिक, प्रदर्शन की तारीख से कम से कम 10 दिन पहले सूचना देना जरूरी है।नूपुर प्रसाद ने यह भी कहा कि पहले CJP को प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने के दौरान कानूनी निर्देशों और पार्टी की ओर से किए गए वादों का पालन नहीं किया गया था। पुलिस ने मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति, जन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार अनुमति नहीं देने का फैसला किया है।
दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू
जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एहतियाती प्रतिबंध लगाए गए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि धारा 163 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन रहेंगे बंद

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मेट्रो के 57 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को आधिकारिक पत्र जारी किया है। पुलिस ने 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाने को कहा है।दिल्ली पुलिस के 8 अक्टूबर को जारी पत्र के मुताबिक, जंतर-मंतर और नई दिल्ली के अन्य इलाकों में प्रस्तावित प्रदर्शनों के चलते मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करना जरूरी है। इस संबंध में DMRC को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।
दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते कौन-कौन सी ट्रेनें रद्द?
दिल्ली में 10 अक्टूबर 2026 को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसका असर मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से जुड़ी रेल सेवाओं पर पड़ेगा। रद्द की गई ट्रेनों में एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनें शामिल हैं।यात्रियों को सलाह दी जाती है कि रेलवे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।