भव्य आतिशबाजी के साथ रावणभाठा में 65 फीट के रावण का दहन, CM साय ने हर साल 10 लाख देने का किया ऐलान
हितवाद टाइम्स रायपुर : विजयादशमी के अवसर पर रायपुर के भाटागांव चौक स्थित ऐतिहासिक रावणभाठा मैदान में 65 फीट के रावण का दहन किया गया। मेघनाथ और कुम्भकर्ण के 55 फीट के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मनमोहक रामलीला का मंचन किया गया। जबलपुर से आई टीम में आकर्षण आतिशबाजी की। आयोजन स्थल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।इस मौके पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल विजयादशमी उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और बुराई पर अच्छाई की विजय का शाश्वत संदेश देता है। विजयादशमी हमें अपने जीवन में सत्य, धर्म, न्याय और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।
मुुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम प्रतिवर्ष रावण का पुतला दहन करते हैं, लेकिन इस पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम अपने भीतर विद्यमान काम, क्रोध, मद और लोभ रूपी रावण का भी वध करें। विजयादशमी आत्ममंथन का अवसर है। यह पर्व हमें अपनी कमजोरियों और बुराइयों पर विजय प्राप्त कर सद्गुणों को अपनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर का ऐतिहासिक रावणभाठा मैदान दशहरा उत्सव की लगभग 170 वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा का साक्षी है। पीढ़ियों से यहां विजयादशमी का पर्व पूरे उल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है। यह मैदान केवल रावण दहन का स्थल नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। उन्होंने इस ऐतिहासिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए आयोजन समिति और इससे जुड़े सभी लोगों की सराहना की।