सपरिवार मां दुर्गा के दरबार में पहुंचे जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी,माता रानी का लिया आशीर्वाद

शिवाजी नगर, एमपी नगर, आरपी नगर एवं इंदिरा विहार सहित विभिन्न दुर्गोत्सवों में हुए शामिल
हितवाद टाइम्स कोरबा। शक्ति की आराधना, भक्ति और आस्था के पावन पर्व शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर कोरबा जिले में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में माँ दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना, डांडिया उत्सव एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी विभिन्न दुर्गोत्सवों में सपरिवार शामिल हुए। उन्होंने माँ दुर्गा के पावन दरबार में शीश नवाकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने आर.पी. नगर, शिवाजी नगर, एम.पी. नगर एवं इंदिरा विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सवों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने माँ जगदम्बा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की।

दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव समिति कोसाबाड़ी के अंतर्गत आर.पी. नगर में आयोजित दुर्गोत्सव, शिवाजी नगर डांडिया उत्सव, एम.पी. नगर के दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव तथा इंदिरा विहार युवा दुर्गोत्सव में धार्मिक उल्लास और उत्सवधर्मिता का विशेष माहौल रहा। इन आयोजनों में माँ दुर्गा की आराधना, विधि-विधान से पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की भक्ति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर गोपाल मोदी ने आयोजन समितियों के सदस्यों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने दुर्गोत्सव के आयोजन में जुटे कार्यकर्ताओं और समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर लिया माता रानी का आशीर्वाद
माँ दुर्गा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने शिवाजी नगर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। माता रानी के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की तथा परिवार एवं समाज की खुशहाली की कामना की।
आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं दुर्गोत्सव
मोदी ने माँ दुर्गा से प्रार्थना की कि माता रानी का आशीर्वाद सभी जिलेवासियों पर बना रहे तथा कोरबा जिला निरंतर प्रगति, विकास और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मकता की कामना की।दर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण पर्व हैं। ये पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय, शक्ति, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।