चलती कार में युवतियों की स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, चालक पर FIR दर्ज
हितवाद टाइम्स कोरबा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए कुछ लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी नहीं चूकते। ऐसा ही एक मामला कोरबा से सामने आया है, जहां चलती कार में युवतियां स्टंटबाजी करती नजर आईं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर चौकी थाना इलाके के रविशंकर नगर का है. गरबा के लिए सजी सड़क पर काली कार के बोनट पर लेटकर और दरवाजों पर लटककर डांस करती रही हैं. इस तरह का स्टंट न केवल युवतियों के लिए, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है. वीडियो में काले रंग की कार (क्रमांक सीजी 12 बीवी 6007) के दरवाजों और बोनट पर कुछ महिलाएं लटककर डांस करते नजर आई हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो में एक कैप्शन भी लिखा गया है, “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो.” हालांकि, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है.
कोरबा के एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच की. वाहन के पंजीयन के आधार पर मालिक की पहचान की गई, जिसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है.
देखें वीडियो…