सेवा संकल्प अभियान का समापन ,मंत्री लखनलाल देवांगन ने 430 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का किया सम्मान

सीएसईबी स्थित शासकीय आवास में आयोजित हुआ समारोह, जनसेवा में योगदान के लिए किया गया सम्मानित
हितवाद टाइम्स कोरबा – 17 अक्टूबर 2026/
सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर आज सीएसईबी स्थित शासकीय आवास में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यक कर(आबकारी), श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा कोरबा विधानसभा क्षेत्र की 430 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। अतिथियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर उनके योगदान की सराहना की।
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरबा में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के समापन पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान उनके समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के प्रारंभिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परिवार अपने छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजते हैं, जहां उन्हें पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और अच्छे संस्कार मिलते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ गर्भवती महिलाओं एवं माताओं की देखभाल में भी इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि जिले में अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास मद (डीएमएफ) के माध्यम से सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों की जर्जर स्थिति में सुधार के लिए भी आवश्यक कार्य किए गए हैं।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी और समाज के प्रत्येक वर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में कोरबा विधानसभा क्षेत्र में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में सड़क, अधोसंरचना और आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास सहित विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता, रक्तदान, आंगन मिलन सहित अनेक जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाज और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं पूरे वर्ष मेहनत और समर्पण के साथ बच्चों, माताओं तथा परिवारों तक शासकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नरेंद्र देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की देखभाल तथा कुपोषण की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देती हैं।