रायपुर प्रेस क्लब परिसर में फायरिंग, कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ किया मामला दर्ज

हितवाद टाइम्स रायपुर – 25 अक्टूबर 2026 राजधानी रायपुर के अतिसंवेदनशील और व्यस्त इलाके मोतीबाग स्थित रायपुर प्रेस क्लब परिसर में शनिवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने सरेआम पिस्टल निकालकर हवा में गोली चला दी। सार्वजनिक स्थल पर हथियार लहराने और फायरिंग कर दहशत फैलाने के इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
घटना शनिवार 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। आवेदन के मुताबिक, शाम के वक्त प्रेस क्लब परिसर में मीडियाकर्मियों और अन्य नागरिकों की नियमित आवाजाही थी। इसी दौरान पलाश तिवारी नामक युवक ने अवांछनीय तत्वों के साथ मिलकर पिस्टल से हवाई फायर किया और उपस्थित लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। अचानक हुई इस गोलीबारी से परिसर में मौजूद पत्रकारों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।