वोटर लिस्ट में बड़ी चूक, पूर्व महापौर अंबिका यदु का बदला जेंडर, महिला से बना दिया पुरुष; SIR पर उठे सवाल
हितवाद टाइम्स रायपुर – 24 अक्टूबर 2026 बीरगांव नगर निगम क्षेत्र की मतदाता सूची में गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड और मतदाता सूची में बीरगांव की पूर्व महापौर अंबिका यदु के जेंडर कॉलम में महिला की जगह पुरुष दर्ज कर दिया गया है। एक पूर्व जनप्रतिनिधि के डाटा में इस तरह की चूक ने बूथ लेवल अधिकारियों और सत्यापन अमले की कार्यशैली की पोल खोल दी है।
इसके चलते प्रशासनिक कार्यप्रणाली और चुनाव आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध डाटा की सटीकता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में संपन्न हुई SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया और डिजिटल पोर्टल पर आई इन गड़बड़ियों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
जानकारों का मानना है कि जब एक प्रतिष्ठित और जानी-पहचानी हस्ती के साथ ऐसा प्रशासनिक खिलवाड़ हो सकता है, तो आम नागरिकों की सूचियों में किस स्तर पर गड़बड़ियां हुई होंगी, यह भी जांच का विषय है। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के नामों व तस्वीरों के मिलान में भी त्रुटियां सामने आ रही हैं, जिससे चुनाव आयोग के पोर्टल पर सुरक्षा और शुद्धता को लेकर उलझन बढ़ती जा रही है।