बिचौलिये के झांसे में फंसे मजदूर: महाराष्ट्र में बंधक बनाए गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक सकुशल मुक्त कराए गए

हितवाद टाइम्स l 21 नवंबर 2026। सारंगढ़ छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सोलापुर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया। रोजगार का झांसा देकर ले जाए गए इन श्रमिकों से वहां अत्यधिक काम लिया जा रहा था और उनके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार किया जा रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब सारंगढ़ थाना व तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत उलखर निवासी एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने आवेदन में बताया कि बिचौलिया उसके परिवार और गांव के अन्य लोगों को बेहतर रोजगार का भरोसा दिलाकर महाराष्ट्र के सोलापुर ले गया था। वहां उन्हें गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम में लगाया गया था। ठेकेदार ने रहने, खाने, बीमारी में इलाज और हर हफ्ते नियमित मजदूरी के भुगतान का आश्वासन दिया था, परंतु वहां पहुंचने पर स्थितियां बिल्कुल बदल गईं। पीड़ित ने अपने परिवार के 16 सदस्यों सहित अन्य ग्रामीणों को बकाया मजदूरी भुगतान के साथ सकुशल वापस लाने की गुहार लगाई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच और बचाव के निर्देश दिए।
कलेक्टर के आदेश पर श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा की संयुक्त टीम महाराष्ट्र के सोलापुर भेजी गई। टीम ने वहां जिला प्रशासन से संपर्क किया। जांच के दौरान पाया गया कि श्रमिकों से सुबह से लेकर रात नौ बजे तक लगातार कठिन श्रम कराया जा रहा था। कड़ी मेहनत के बावजूद उन्हें न तो साप्ताहिक मजदूरी मिल रही थी और न ही खाने के लिए पर्याप्त राशन दिया जा रहा था। श्रमिक यदि बीमार पड़ जाते, तब भी उनसे जबरन गन्ना कटाई करवाई जाती थी। बंधक जैसी परिस्थितियों और शोषण की पुष्टि होने पर टीम ने पुलिस और प्रशासन की मदद से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त करा लिया।
सुरक्षित मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 श्रमिक शामिल हैं। इनके साथ ही जांजगीर-चांपा जिले के तीन और सक्ती जिले के दो श्रमिकों को भी सुरक्षित निकाला गया। बचाव दल के साथ सभी 40 श्रमिक अपने गृह ग्राम पहुंच गए हैं। लंबे समय तक अमानवीय परिस्थितियों में रहने के बाद सुरक्षित घर लौटने पर श्रमिकों और उनके परिजनों की आंखें खुशी से छलक आईं। श्रमिकों एवं ग्रामीणों ने कार्रवाई कर बचाव अभियान चलाने के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने आम श्रमिकों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूर किसी भी अनजान ठेकेदार या बिचौलिए के झूठे झांसे में न आएं। किसी भी कार्यस्थल पर काम के लिए जाने से पूर्व संबंधित व्यक्ति और संस्थान के बारे में पूरी जानकारी हासिल करें तथा श्रम विभाग में अपना पंजीयन जरूर कराएं। यदि बाहर काम करने के दौरान किसी प्रकार का शोषण, बंधक बनाए जाने या उत्पीड़न की स्थिति निर्मित होती है, तो तुरंत श्रम विभाग या पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।