छत्तीसगढ़ में 40 दिन बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM साय से मुलाकात के बाद लिया फैसला

हितवाद टाइम्स l 22 नवंबर 2026। रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 40 दिनों से चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। रविवार, 22 नवंबर को छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात और चर्चा के बाद आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया। पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे थे। हड़ताल खत्म होने से प्रदेश में लंबे समय से प्रभावित राजस्व विभाग के कामकाज के फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद है। पटवारी संघ पीवी एप की विसंगतियां दूर करने, वेतन विसंगति खत्म करने और पदोन्नति सहित कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा था। इस दौरान प्रशासन ने हड़ताली पटवारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की।
प्रदेश में करीब 200 पटवारियों को निलंबित किया गया, जबकि लगभग 3000 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 50 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। आंदोलन समाप्त करने के बाद पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है। संघ ने हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को शून्य करने की मांग की है। साथ ही आंदोलन की अवधि को कार्यदिवस मानकर उसका वेतन देने की मांग भी रखी है।
संघ ने वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति से जुड़े मामलों में जल्द आदेश जारी करने का आग्रह किया है। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जनदर्शन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इधर, बिलासपुर जिले में भी हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। जिले के 229 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित करते हुए सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई कार्रवाई के तहत 8 पटवारियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक पटवारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। इसके अलावा ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत 102 पटवारियों का वेतन रोक दिया गया है। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद राजस्व विभाग के लंबित कामों के निपटारे की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। हालांकि, पटवारी संघ ने आंदोलन के दौरान हुई प्रशासनिक कार्रवाई वापस लेने और अन्य मांगों पर सरकार से जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है।