संजय नगर वाय-शेप अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ शुभारंभ; डीएमएफ मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये की स्वीकृति
हितवाद टाइम्स कोरबा, 10 अक्टूबर 2026/ कोरबा शहर की बहुप्रतीक्षित संजय नगर वाय-शेप अंडरब्रिज परियोजना का निर्माण कार्य शनिवार को उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में शुरू हुआ। अंडरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन सुगम होगा।
उल्लेखनीय है कि रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले इस रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से संजय नगर और पुरानी बस्ती क्षेत्र के लोग पिछले 15 वर्षों से परेशानी झेल रहे थे। समस्या के स्थायी समाधान के लिए उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने जिला खनिज न्यास मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिला खनिज न्यास मद से कोरबा नगर और जिले में बड़े प्रोजेक्ट के साथ-साथ जनसुविधा से जुड़े छोटे-छोटे कार्य भी धरातल पर उतारे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्य तेज गति से कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संजय नगर अंडरब्रिज के लिए राशि स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार विश्वास और विकास के संकल्प के साथ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से पूरा कर रही है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि वे इसी संजय नगर वार्ड से पार्षद रही हैं और क्षेत्रवासी लंबे समय से रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से परेशान थे। उद्योग मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व में इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत हुई है। अंडरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पुराना शहर लंबे समय से रेलवे फाटक के कारण होने वाली परेशानी झेल रहा था। व्यापारी वर्ग सहित बड़ी आबादी को फाटक बंद होने पर घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार लोगों को पुराना बस स्टैंड, दर्री रोड और नहर मार्ग से घूमकर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज इस महत्वपूर्ण अंडरब्रिज की सौगात मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।कार्यक्रम में निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।