उज्जैन शाही मस्जिद विवाद: पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज, 10 लोगों पर FIR 5 हिरासत में
हितवाद टाइम्स। मध्य प्रदेश । मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाने की कार्रवाई सोमवार को तनावपूर्ण हो गई. मौके पर जुटे लोगों और पुलिस के बीच झड़प के बाद पथराव हुआ. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया.
पुलिसकर्मी घायल, आंसू गैस का इस्तेमाल
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पुलिस के मुताबिक, भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की. इसके बाद विवाद बढ़ा और पुलिस पर पत्थर फेंके गए.
पुलिस के अनुसार पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. भीड़ को पीछे हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया.
घटना के बाद इलाके में बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई हैं और करीब 2,000 से 2,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.पुलिस ने बताया कि 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें कुछ लोगों पर सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने का आरोप है.
पुलिस का यह भी कहना है कि हिरासत में लिए गए कुछ लोग उज्जैन के स्थानीय निवासी नहीं हैं.
महिलाओं ने भी किया विरोध
कार्रवाई के विरोध में महिलाएं भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचीं. उन्होंने मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग की. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव के बाद महिलाओं को भी मौके से हटाने की कोशिश की गई. इस दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी के घायल होने की भी रिपोर्ट सामने आई है.
सड़क चौड़ीकरण को लेकर है पूरा विवाद
यह मामला उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़ा है. शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है. इसी के तहत गोपाल मंदिर इलाके में स्थित शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा सड़क की जद में बताया गया है. प्रशासन के मुताबिक, प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी. मस्जिद प्रबंधन और मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया