छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, स्कूल बंद, त्रैमासिक परीक्षा रद्द:रायपुर में जलभराव, गरियाबंद में घरों में घुसा पानी, 2 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट कैंसिल

हितवाद टाइम्स। छत्तीसगढ़ । छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। रायपुर समेत कई जिलों में रातभर से बारिश हो रही है। रायपुर के सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। जगदलपुर के गंगा मुंडा इलाके के साथ निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें पानी में डूब गई हैं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में लोगों के घरों में भी नालियों का पानी घुस गया है।सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हैं। पानी भरने से कई गांव टापू में बदल गए हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से इंद्रावती नदी उफान पर है और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।बारिश के चलते बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद हैं। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें और जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द कर दी गई है। गरियाबंद में 24 घंटे में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।इससे 10 साल पहले आई बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गरियाबंद और कांकेर में भारी बारिश के चलते प्रशासन ने आज से होने वाली त्रैमासिक परीक्षा रद्द कर दी है। सिकासार बांध से सुरक्षा के लिए 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।अगले 24 घंटे में प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो जगह भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।