भाटापारा में मुख्य बाजार से हटेंगी पटाखा दुकानें, लोकोत्सव मैदान में लगेगा बाजार, दीयों के लिए रामलीला मैदान तय
रायपुर। दीपावली के पावन त्योहार के दौरान शहर में शांति, सुगम यातायात और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भाटापारा नगर पालिका परिषद ने एक दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हर वर्ष त्योहारी सीजन में शहर के मुख्य बाजार और संकरी गलियों में भारी भीड़ जमा हो जाती है, जिससे आगजनी की आशंका और जाम की विकट स्थिति बनी रहती थी।
इसे देखते हुए नगर पालिका परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शहर के घने और रिहायशी बाजारों में लगने वाली पटाखों की सभी अस्थायी दुकानों को खुले मैदान में स्थानांतरित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्यामा पटेल, तहसीलदार यशवंत राज और मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव सहित पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष पटाखों का संपूर्ण बाजार लोकोत्सव मैदान में लगाया जाएगा।