आज रायपुर रोजगार मेला में 11,700 पदों पर भर्तियों के लिए आएंगी 72 से ज्यादा कंपनियां
रायपुर: राजधानी के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सात और आठ अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में 72 से अधिक कंपनियां 11,700 पदों पर भर्ती करेंगी।
रोजगार विभाग के सहायक संचालक केदार पटेल के अनुसार इनमें आधे पद छत्तीसगढ़ में और आधे राज्य के बाहर के लिए हैं। पदों और योग्यता के अनुसार युवाओं को 10 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
मेले में 10वीं और 12वीं पास से लेकर आइटीआइ, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए पास युवाओं के लिए अवसर हैं। कंपनियों द्वारा फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीन आपरेटर, मेकेनिकल इंजीनियर, सर्विस इंजीनियर, सिक्योरिटी गार्ड, डिलीवरी और केयरटेकर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। नर्सिंग के पदों पर अनुभव के आधार पर 7 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा।