धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला, 1.44 करोड़ के धान और बारदाने का गबन, दो आरोपी गिरफ्तार

हितवाद टाइम्स कांकेर -4 नवंबर 2026 ।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धान खरीदी केंद्र में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर विकासखंड के आसुलखार धान खरीदी केंद्र में जांच के दौरान 4,651 क्विंटल से अधिक धान और 11 हजार से ज्यादा बारदाने की कमी पाई गई है। इस गड़बड़ी से शासन को करीब 1 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आई लाखों की गड़बड़ी
जानकारी के मुताबिक, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित आसुलखार के धान खरीदी केंद्र में कुल 748 किसानों से 36 हजार 703 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। इसके मुकाबले रिकॉर्ड में केवल 30 हजार 855 क्विंटल धान का उठाव दर्ज किया गया। मामले की जांच और भौतिक सत्यापन के दौरान 4,651 क्विंटल धान और 11,628 बोरा बारदाने की कमी सामने आई। इसकी कुल अनुमानित कीमत 1.44 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई।
जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर खाद्य शाखा की ओर से 10 जून 2026 को जांच समिति गठित की गई थी। इसमें खाद्य निरीक्षक, सहकारी निरीक्षक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक शामिल थे। संयुक्त टीम ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
धान खरीदी और बारदाना प्रभारियों की भूमिका आई सामने
जांच में धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन की भूमिका सामने आई। इसके बाद समिति प्रबंधक परमेश महावीर की शिकायत पर भानुप्रतापपुर थाने में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। धान खरीदी केंद्र में इतनी बड़ी मात्रा में धान और बारदाने की कमी सामने आने के बाद सहकारी व्यवस्था में भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।