‘शादी का वादा टूटने पर हर केस रेप नहीं’, बिलासपुर हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, जानिए पूरा मामला

हितवाद टाइम्स बिलासपुर 31 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाईकोर्ट ने शादी का झूठा वादा करके शारीरिक संबंध बनाने के मामले में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने साफ कहा है कि केवल शादी का वादा पूरा नहीं होने से हर मामले में शारीरिक संबंध को दुष्कर्म (रेप) नहीं माना जा सकता. हाईकोर्ट ने आरोपी को बरी करने के निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा और पीड़िता की अपील को खारिज कर दिया.
शादी का भरोसा दिलाया
दरअसल, जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास और जस्टिस सुधीर कुमार की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी हिमांशु झा को बरी करने के निचली अदालत के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया. मामले के अनुसार, पीड़िता का साल 2020 में तलाक हो गया था. जून 2021 में जगदलपुर में एक म्यूजिक ग्रुप से जुड़ने के दौरान उसकी मुलाकात हिमांशु झा से हुई. आरोप है कि हिमांशु ने पीड़ित से यह कहते हुए शादी का प्रस्ताव रखा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और उसने परिवार की सहमति से शादी करने का भरोसा भी दिलाया.
शादी का वादा करके कई बार बनाए शारीरिक संबंध
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा करके 10 अगस्त 2021 से 11 अप्रैल 2024 के बीच कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. उसने दिसंबर 2023 में पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के इस भरोसे पर कि वह उससे शादी करेगा उसने FIR दर्ज नहीं कराई. बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 376(2)(n), 323 और 506 के तहत मामला दर्ज किया. सबूतों के आधार पर ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को बरी कर दिया. हाई कोर्ट ने उपलब्ध सबूतों या निचली अदालत के निष्कर्षों में दखल देने का कोई आधार न पाते हुए पीड़िता की अपील खारिज कर दी।