कोरबा। छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं और अव्यवस्थाओं को लेकर कोरबा कटघोरा मुख्य मार्ग पर किया जा रहा चक्का जाम प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद आखिरकार समाप्त हो गया। लगभग 4 घंटे तक चले इस आंदोलन से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लगी रही।

विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और प्रशासनिक अनदेखी से परेशान छात्रों का एक ही महीने में पढ़ाई छोड़कर सड़क पर उतरने का यह तीसरा मौका था। इससे पहले भी बच्चों ने क्षेत्रीय विधायक का घेराव किया था और विरोध जताया था। सोमवार को फिर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छुरी पंचायत के सामने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। छात्रों की मुख्य मांग प्राचार्य डॉ अरशद अहमद अली और हॉस्टल अधीक्षक को तत्काल हटाने तथा पेयजल , भोजन व शैक्षणिक व्यवस्था दुरुस्त करने की है।
प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब जल प्रतिनिधि व समर्थक बच्चों से बात करने पहुंचे।आरोप है कि मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और समर्थकों को डराने ,चमकाने का प्रयास किया और उनसे कहा कि यह बच्चे नाबालिक है, आप लोग इन्हें भड़काने की कोशिश मत कीजिए। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकाश सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ छात्रों के समर्थन में पहुंचे थे,जहाँ उनकी प्रशासन से तीखी नोंकझोख हुई।






